विश्व जनसंख्या दिवस को ले जिले में होगा दंपति संपर्क पखवाड़ा का संचालन
1 min read
अररिया ।
बढ़ती आबादी पर नियंत्रण करने व परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हर साल 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस का आयोजन किया जाता है। बढ़ती जनसंख्या हमारे विकास की की प्रक्रिया को प्रभावित करती है। किसी इलाके की जनसंख्या जितनी होगी वहां समस्याएं भी उतनी होगी। हमारे आसपास उपलब्ध संसाधन के समान वितरण के लिये जनसंख्या नियंत्रण के उपायों की मजबूती जरूरी है। जिले में इसे लेकर जरूरी तैयारियां शुरू कर दी गयी है। जिले में 27 जून से 10 जुलाई के बीच दंपति संपर्क पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है।
सिविल सर्जन डॉ विधानचंद्र सिंह ने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस, के उद्देश्यों की प्राप्ति के लिये जिले में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। विभागीय निर्देश के आलोक में 27 जून से दंपति संपर्क पखवाड़ा अभियान की शुरूआत की गयी है। इसमें जीविका दीदी, विकास मित्र, आशा, आंगनबाड़ी सेविका व स्थानीय जनप्रतिनिधि के सहयोग से परिवार नियोजन के उपायों के प्रति समुदाय को जागरूक करने का प्रयास किया जायेगा। बच्चों में पर्याप्त अंतर रखने, नियोजन के अस्थायी साधनों के महत्व, परिवार का आकार सीमित रखने के प्रति लोगों को जागरूक किया जाना है। नियोजन उपायों के प्रति रूचि लेने वाले दंपति को चिह्नित कर उन्हें इसका लाभ सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाना है। इसके अलावा विभिन्न प्रचार माध्यम व सोशल मीडिया के माध्यम जागरूकता अभियान संचालित किया जाना है।